गुरुग्राम: 'मुसलमान हूं और भारत ही हमारा मुल्क है'- ग्राउंड रिपोर्ट

''मैं ये घर छोड़ कर चला जाऊंगा. मैं अपने गांव चला जाऊंगा. मेरे सामने मेरे छोटे-छोटे बच्चों को मारा और मैं उनको पिटता हुआ देखता रहा. मैं कुछ नहीं कर सका, मैं यहां नहीं रहना चाहता. इस मकान के लिए मैंने लोगों से कर्ज़ लिया है लेकिन मैं अब डर के साथ सारी उम्र नहीं जीना चाहता.''

ये कहते हुए चारपाई पर लेटे मोहम्मद साजिद फूट पड़ते हैं. सिरहाने बैठा एक शख़्स उनके आंसू पोंछता है. साजिद के बाएं हाथ पर प्लास्टर चढ़ा है और पैरों पर गहरी चोट है. उनके साथ ऐसा क्यों हुआ, उनकी क्या ग़लती है, ये उन्हें भी नहीं पता.

21 मार्च को देश होली का त्योहार मना रहा था. होली को भाईचारे और आपसी प्रेम का त्योहार माना जाता है, लेकिन जिस वक़्त लोग अबीर और गुलाल लगा कर एकदूजे से गले मिल रहे थे ठीक उसी वक़्त गुरुग्राम के भूपसिंह नगर के रहने वाले मोहम्मद साजिद के परिवार ने समाज का ऐसा भयानक चेहरा देखा जिससे वो अब तक ख़ौफ़ में है.

इस मारपीट के शिकार और मोहम्मद साजिद के भतीजे दिलशाद के मुताबिक़ गुरुवार को शाम पांच से साढ़े पांच बजे के बीच नया गांव से 25-30 लोग लाठी-डंडों और भालों के साथ उनके घर में दाख़िल हुए और घर में मौजूद साजिद, दिलशाद, समीर, शादाब सहित 12 लोगों को पीट-पीट कर लहूलुहान कर दिया. साजिद के बेटे शादाब का इस वक़्त सफ़दरजंग अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है.

हालांकि एक अन्य स्थानीय शख़्स ने बताया, ''साजिद का परिवार क्रिकेट खेल रहा था और दो लड़कों की गाड़ी से उन्हें मामूली चोट लग गई. इस पर उन लोगों ने उन्हें पीटा. ये लड़ाई देख कर हमारे समाज के एक बुज़ुर्ग बीच बचाव के लिए गए तो उन्हें मुसलमानों ने बैट से मारा. इसके बाद गांव के बच्चे ग़ुस्से में उसके घर पहुंचे.''

नया गांव गुर्जर बहुल क्षेत्र हैं. इस गांव के लोगों का कहना है कि ये एक मामूली लड़ाई है जिसमें बच्चे शामिल थे लेकिन इसे हिंदू-मुसलमान करके सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की जा रही है.

गुरुग्राम के भौंडसी थाने के भूपसिंह नगर इलाक़े में साजिद और उनके परिवार हुए हमले का वीडियो बहुत मुमकिन है आपने अब तक सोशल मीडिया पर देख लिया होगा.

इस वीडियो में कुछ लोग मोहम्मद साजिद को डंडों से पीटते नज़र आ रहे हैं. इसमें एक महिला भी है जो साजिद को बचाने की कोशिश में जुटी है और लोग उसे भी मार रहे हैं. कुछ बच्चें छत का दरवाज़ा बंद करके ख़ुद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं और एक लड़की की चीखें सुनाई दे रहीं हैं.

21 साल की दानिस्ता ने जब ये वीडियो बनाया तो उन्हें नहीं पता था ये वीडियो वो शेयर कर भी पाएंगी या नहीं. दानिस्ता अपने चाचा के घर होली मनाने आई थीं. जिस वक़्त भीड़ घर में दाख़िल हुई उस वक़्त वो खाना बना रही थीं और उनके हाथ में उनके भाई इरशाद का मोबाइल फ़ोन था.

दानिस्ता कहती हैं, ''जब वो लोग मार पीट कर रहे थे तो मेरे हाथ में फ़ोन था, मुझे लगा कि वीडियो बनाना चाहिए. हम भाई बहन ऊपर वाली छत (दूसरी मंजिल) पर भागे और मैंने वीडियो रिकॉर्डिंग करना शुरू किया. जैसे ही उन लोगों को पता चला कि वीडियो बन रहा है वो लोग चिल्लाए इस लड़की को फ़ोन के साथ ही फ़ेक दो. मैं डर गई थी मुझे बस ये फ़ोन बचाना था. मैंने पास में पड़ी ईंटों के बीच में ये फ़ोन छुपाया और सोचा कि मुझे मार भी देंगे तो भी ये वीडियो हमारा सबूत होगा. लेकिन वो लोग दरवाज़ा तोड़ नहीं सके.''

15 साल पहले मोहम्मद साजिद अपने परिवार के साथ उत्तर प्रदेश के बाग़पत जिले से रोज़गार की तलाश में गुरुग्राम आए. यहां घसोला गांव में उनकी गैस रिपेयरिंग की दुकान है.

गांव को छोड़कर वो बेहतर भविष्य के लिए शहर आए थे लेकिन उन्हें इसका अंदाज़ा कभी नहीं रहा होगा कि ये शहर उनके भीतर धंस चुके इस डर का कारण बनेगा.

'यहां क्यों खेल रहा है पाकिस्तान जा कर खेल'
गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर मोहम्मद अक़ील ने बीबीसी हिंदी को बताया कि ''ये पूरा विवाद क्रिकेट को लेकर शुरू हुआ. खेल को लेकर शुरू हुआ ये विवाद बढ़ गया और मारपीट तक पहुंच गया. दोनों ही पक्षों ने मारपीट की. हां एक पक्ष ने ज़्यादा मारपीट की है और हमने अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया है और एक शख़्स की गिरफ़्तारी की गई है.''

मामले की जांच चल रही है. आगे और भी गिरफ़्तारियां संभव हैं.

गुरुग्राम पुलिस के पीआरओ सुभाष बोकेन ने बताया कि दिलशाद नाम के शख्स ने इस मामले में अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज कराया है. सबूत और वीडियो के आधार पर महेश नाम के एक शख़्स को गिरफ़्तार किया गया है.

ये मामाला आईपीसी की धारा 147 (दंगा भड़काना), 148 ( ग़ैरकानूनी सभाएं), 452 (अतिक्रमण), 506 ( धमकाना) और 307 ( हत्या की कोशिश) के तहत दर्ज किया गया है.

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक मनोज यादव का कहना है कि ''ये दुर्भाग्यपूर्ण है. लेकिन मैं नहीं मानता कि ये सांप्रदायिक मामला है. दो गुटों की आपसी मुठभेड़ है जिसे सांप्रदायिक कहना ग़लत होगा.''

पुलिस के मुताबिक़ क्रिकेट खेल के दौरान दो गुटों में कहासुनी हुई और ये मामला मारपीट तक जा पहुंचा. मारपीट दोनों ही पक्षों ने की है लेकिन एक पक्ष ने घर में घुस कर मारपीट की. जिन पर कार्रवाई की जा रही है.

लेकिन पुलिस के ब्यौरे से पीड़ित परिवार की कहानी मेल नहीं खाती.

मारपीट के शिकार दिलशाद का कहना है, ''घर में कुल 17 लोग थे. हम सभी घर के बाहर क्रिकेट खेल रहे थे. इतने में बाइक पर सवार दो लोग आए और बोलने लगे मुल्ले यहां क्यों खेल रहा है पाकिस्तान जा कर खेलो. हमने बल्ला और बॉल उन्हें दे दी. इतने में साजिद चाचा आ गए और पूछा क्या हुआ ये सुनते ही एक बाइक सवार ने उन्हें थप्पड़ मार दिया. उसने पूछा तू है कौन, घर कहां है तेरा?''

''उन्होंने बताया कि हम यहीं रहते हैं. इसके बाद हम अपने घर चले गए. थोड़ी ही देर बाद दो बाइक पर बैठकर छह युवक आए. उनमें से एक ने चाचा की ओर इशारा करते हुए कहा ये है और उसके इतना कहते ही लोगों ने हमें मारना शुरू कर दिया. उन लोगों के पीछे कई लोग थे, उनके पास लाठी-भालों के अलावा पत्थर थे. उन लोगों ने घर पर पत्थरबाज़ी शुरू कर दी.''

वायरल वीडियो में नज़र आने वाले और मुख्य पीड़ित मोहम्मद साजिद का कहना है कि ''वो लोग लोहे के दरवाजे पर ज़ोर ज़ोर से धक्का मारते रहे. जब दरवाज़ा नहीं खुला तो उन लोगों ने खिड़की का ग्रिल तोड़ दिया और छत पर आ गए. इन लोगों ने मेरे ऊपर इतने डंडे बरसाए कि मैं याद करके भी डर जाता हूं. हम मुसलमान हैं और भारत के रहने वाले हैं पाकिस्तान से हमारा आख़िर क्या रिश्ता है.

मुझे एक फ़ोन आया और दबाव बना रहे हैं कि केस वापस ले लो, आपस में सुलझा लो. मैं फ़ैसला नहीं करूंगा. मेरी मदद प्रशासन ने नहीं की तो मैं अपने बच्चों के साथ ख़ुदकुशी कर लूंगा. मैं ये जगह छोड़ कर चला जाऊंगा.''

साजिद अपनी बात कहते-कहते कांपने लगते हैं. बगल के कमरे से निकल कर एक लड़की उन्हें पानी देती है और वो शांत पड़ जाते हैं. बात करते हुए मेरी नज़र फ़र्श पर पड़ी जहां कांच के टुकड़े बिखरे हुए हैं. गुरुवार की शाम ने इस घर के शीशों को ही नहीं तोड़ा बल्कि इस परिवार के हर शख़्स को तोड़कर रख दिया है.

Comments

Popular Posts